बाबा बागेश्वर धाम के आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को संगम में पवित्र स्नान किया। इसके बाद उन्होंने श्री बड़े हनुमानजी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान “जय श्री राम” और “जय बजरंग बली” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय हनुमंत कथा प्रयागराज के अरैल क्षेत्र में संगम तट के पास आयोजित की जा रही है। कथा के दूसरे दिन वे विशेष रूप से बड़े हनुमान मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने संगम में स्नान किया और विधि-विधान से मां गंगा की पूजा की। इसके बाद उन्होंने दूध और नैवेद्य अर्पित कर गंगा आरती भी की। इसके पश्चात वे मंदिर पहुंचे, जहां महंत बलवीर गिरि ने उन्हें विधिवत पूजा करवाई। अंत में उन्होंने अक्षयवट के भी दर्शन किए।