पटना में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल का सिलसिला जारी है। राज्य सरकार ने एक बार फिर भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
राज्यपाल सचिवालय में बदलाव
जारी आदेश के अनुसार, राज्यपाल के सचिव रहे गोपाल मीणा को उनके पद से मुक्त कर दिया गया है। उन्हें भारत सरकार के वाणिज्य कर विभाग के अंतर्गत नोएडा विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) का विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है।
वहीं, दीपक कुमार सिंह को राज्यपाल का नया प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही वे महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त (सामान्य प्रशासन विभाग) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
गृह और मंत्रिमंडल सचिवालय में नई जिम्मेदारियां
1995 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी, जो अब तक गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर थे, उन्हें मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग में स्थानांतरित किया गया है। वे बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक और बिहार कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।
अन्य विभागों में भी बदलाव
सामान्य प्रशासन विभाग में अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर को निगरानी विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वे पहले से ही जनशिकायत, बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी के मिशन निदेशक और बिपार्ड के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं।
उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार को गृह विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे बिहार फाउंडेशन के सीईओ और बियाडा के प्रबंध निदेशक के पद पर भी बने रहेंगे।
वहीं, वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के जांच आयुक्त के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि वे वाणिज्य कर, जीएसटी और मुख्यमंत्री सचिवालय से जुड़े कार्यों को देखते रहेंगे।
अन्य नियुक्तियां
- बिहार मानवाधिकार आयोग की सचिव सीमा त्रिपाठी को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव निलेश रामचंद्र देवरे को बिहार राज्य आवास बोर्ड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
- बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड की एमडी इनायत खान को राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
- मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा को उद्योग विभाग में विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- बिहार राज्य आवास बोर्ड के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार श्रीवास्तव को वित्त विभाग में अपर सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।