झांसी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय स्थिति असामान्य हो गई, जब झांसी से नई दिल्ली जा रही पंजाब मेल को पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के लिए कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। बताया जा रहा है कि ट्रेन छूटने की स्थिति बनने पर चेन पुलिंग की गई, जिसके बाद रेलवे और पुलिस प्रशासन में हलचल मच गई।

रेलवे अधिकारियों ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए कंट्रोल रूम से संपर्क किया और ट्रेन को कुछ मिनटों के लिए रोका गया। उमा भारती के ट्रेन में सवार होने के बाद ही गाड़ी को आगे रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 5 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही।

व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि वह दोपहर करीब 2:18 बजे झांसी स्टेशन पहुंच गई थीं, जबकि ट्रेन 2:23 बजे प्रस्थान करने वाली थी।

उन्होंने कहा कि उन्हें प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के लिए एक्सीलरेटर का इस्तेमाल करना था, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें ई-कार्ट से जाने की सलाह दी, जिससे देरी हो गई।

देरी की वजह बताई

उमा भारती के अनुसार, रास्ते में ई-कार्ट के सामने से एक अन्य ट्रेन गुजरने के कारण उन्हें कुछ समय वहीं रुकना पड़ा, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। बाद में उन्हें दूसरे साधन से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाया गया।

रेलवे व्यवस्था पर सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने इसे रेलवे की लापरवाही बताते हुए कहा कि इस मामले को लेकर वह रेल मंत्री से भी बात करेंगी। उन्होंने कहा कि झांसी, मथुरा और ललितपुर जैसे कई स्टेशनों पर ऐसी समस्याएं आम हैं, जिनका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और दिव्यांग यात्रियों पर पड़ता है।

उमा भारती ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के बावजूद व्यवस्था में संवेदनशीलता की कमी दिखाई देती है, जिस पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।