सहारनपुर: चिलकाना क्षेत्र के संगमौर गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खेल रहे पांच बच्चे मिट्टी की ढांग गिरने से उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए मिट्टी हटाकर सभी बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, ईंट-भट्ठे के पास बनी मिट्टी की खाई में मजदूरों के बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान ऊपर से अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा ढह गया और सभी बच्चे उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर मजदूर मौके पर पहुंचे।

मजदूरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में जावेद (8), पुत्र नसीम, और अमिया (11), पुत्र हारून की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य बच्चों को गंभीर हालत में सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। एएसपी और थानाध्यक्ष सिमरन सिंह ने बताया कि परिजनों ने आपसी सहमति से किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया है।

स्थानीय मजदूरों का विवरण

जानकारी के मुताबिक, ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले अधिकतर मजदूर शामली जिले के कांधला क्षेत्र के रहने वाले हैं। ये परिवार पिछले करीब 10 वर्षों से भट्ठे पर ही रहकर मजदूरी कर रहे हैं और बरसात के मौसम में अपने गांव लौट जाते हैं।