सहारनपुर जिले के नकुड़ क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर घर में घुसकर युवती के साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर की है। युवती उस समय घर पर अकेली थी, तभी गांव का ही युवक दीपक उर्फ मोनू जबरन घर में दाखिल हुआ। आरोप है कि उसने युवती के साथ मारपीट की और धमकाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
कुछ समय बाद जब परिजन घर लौटे तो युवती मानसिक रूप से बेहद डरी हुई अवस्था में मिली। उसने आपबीती परिजनों को बताई, जिसके बाद परिवार उसे लेकर सीधे कोतवाली पहुंचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
सीओ रुचि गुप्ता ने बताया कि मामले में आरोपी दीपक उर्फ मोनू, निवासी गांव अंबेहटी, के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।