सहारनपुर में कोर्ट रोड पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर बुधवार देर रात एक किशोर कुश्ती खिलाड़ी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शामली जिले के दथेड़ा गांव निवासी 15 वर्षीय अनंत बड़सर के रूप में हुई है। अनंत कक्षा नौ का छात्र था और अंडर-15 वर्ग में कुश्ती का उभरता हुआ खिलाड़ी माना जाता था। उसने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल भी जीता था और नियमित रूप से शामली व बड़ौत में अभ्यास करता था।

पुलिस के अनुसार, अनंत बुधवार दोपहर के बाद से ही अपने घर से लापता था। परिजनों ने बताया कि किसी बात को लेकर उसे डांट पड़ने के बाद वह घर से बाहर चला गया था। इसके बाद देर रात देहरादून-अमृतसर ट्रेन के लोको पायलट ने ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना जीआरपी को दी।

मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव ट्रेन की चपेट में आने से बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में था। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांव में अंतिम संस्कार किया गया। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रथम दृष्टया यह मामला ट्रेन से कटकर हुई दुर्घटना का माना जा रहा है।