सहारनपुर। फतेहपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल के लिए लाई गई 25 वर्षीय युवती राखी को उसके ही दो भाइयों ने गोली मार दी। घटना के समय कार में एक सब-इंस्पेक्टर और एक महिला कांस्टेबल मौजूद थे। गंभीर रूप से घायल राखी को पहले निजी अस्पताल और फिर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां मंगलवार रात उसकी मौत हो गई।

राखी, जो रामखेड़ी गांव की रहने वाली थी, 16 मार्च को लापता हो गई थी। अगले दिन उसके भाई रवि ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि पास के गांव मोहम्मदपुर कंधेला निवासी लवकुश अपने साथी के साथ उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी थी।

सोमवार सुबह युवती को कोई व्यक्ति थाने के बाहर छोड़ गया। पुलिस ने परिजनों को बुलाया, लेकिन राखी उनके साथ जाने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद उसके बयान दर्ज किए गए और दोपहर में मेडिकल जांच के लिए फतेहपुरी सीएचसी ले जाया गया।

मेडिकल के बाद करीब साढ़े तीन बजे सब-इंस्पेक्टर विजयपाल सिंह अपनी निजी कार से राखी को सहारनपुर ले जा रहे थे। तभी अचानक उसके भाई रवि और मोंटी वहां पहुंच गए और कार के पास आकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो गोलियां राखी को लगीं—एक सिर में और दूसरी कमर में।

हमले के बाद दरोगा ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों हाथापाई कर मौके से फरार हो गए। एक आरोपी दीवार फांदकर और दूसरा मुख्य गेट से भाग निकला। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और घायल राखी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के मुताबिक, मामले में पारिवारिक और सामाजिक कारणों की भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि युवती ने अपनी मर्जी से शादी कर ली थी, जिससे परिवार नाराज था।

इस मामले में सहारनपुर के एसएसपी अभिनन्दन सिंह ने बताया कि युवती को उसके सगे भाइयों ने ही गोली मारी। एक आरोपी मोंटी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

एम्स ऋषिकेश के पीआरओ डॉ. श्रीलॉय मोहंती ने पुष्टि की कि राखी को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था और मंगलवार रात करीब नौ बजे उसने दम तोड़ दिया।

इधर, आरोपी मोंटी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह घटना की जिम्मेदारी खुद लेते हुए कह रहा है कि उसने बहन को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन असफल रहने पर गुस्से में यह कदम उठाया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।