सहारनपुर में मीट की दुकानों को बंद कराने पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया, जो बाद में तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया। मामले में कार्यकर्ताओं ने मारपीट और हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, कुछ युवक गुरुवार को बेहट क्षेत्र के मोहल्ला कस्साबान में पहुंचे और दुकानदारों से अपनी दुकानें बंद करने को कहा। इस पर दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि वे प्रशासन के निर्देश पर ही दुकानें बंद करेंगे और किसी निजी समूह के कहने पर ऐसा नहीं करेंगे।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल गर्म हो गया। स्थिति बिगड़ती देख कार्यकर्ता वहां से निकलकर सीधे कोतवाली पहुंच गए। उनका आरोप है कि स्थानीय लोगों ने उनके साथ मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला करने की कोशिश की।

इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने शाकंभरी तिराहे पर पहुंचकर जाम लगाने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस और संबंधित संगठनों के पदाधिकारियों ने समझाकर स्थिति को शांत कराया।

पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।