सहारनपुर: भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। उन्होंने हरिद्वार में अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही गिल कॉलोनी स्थित आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

पुनीत त्यागी को सितंबर 2023 में भाजपा महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। वे इस पद पर लगभग 13 महीने तक रहे और अक्टूबर 2024 में उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी संगठन में उनका जुड़ाव करीब 29 वर्षों से अधिक समय तक रहा।

युवा अवस्था में 1993 में उन्हें भाजयुमो में सेक्टर अध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद 1996 में वे नगर कार्यकारिणी सदस्य बने, 1998 में नगर मंत्री और 2004 में भाजयुमो नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। संगठन में आगे बढ़ते हुए 2008 में वे भाजपा महानगर इकाई से जुड़े और 2011 से लगातार उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत रहे। पुनीत त्यागी आईटीसी में भी कार्यरत थे।

पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी

परिजनों ने कुछ समय पहले थाना सदर बाजार में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में बताया गया था कि 29 जनवरी को वह आईटीसी जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका था। लगातार तलाश के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।