सहारनपुर। शादी के लिए खुद को पुलिस दरोगा बताकर रौब जमाने की कोशिश कर रहे एक युवक की पोल उस समय खुल गई, जब लड़की पक्ष ने उससे पहचान से जुड़े दस्तावेज मांगे। वर्दी पहनकर पहुंचा युवक पूछताछ में असली पहचान छिपा नहीं सका और आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के कलियर क्षेत्र की एक युवती के लिए बरेली निवासी मोहम्मद कासिम का रिश्ता आया था। बातचीत के दौरान उसने खुद को सहारनपुर पुलिस लाइन में तैनात दरोगा बताया। मुलाकात के लिए उसने खलासी लाइन पुल के पास बुलाया। जब दोनों पक्ष आमने-सामने हुए तो लड़की पक्ष के साथ आए एक युवक को उसके व्यवहार पर संदेह हो गया।
शक होने पर जब उससे पहचान पत्र और पीएनओ नंबर मांगा गया तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पूछताछ के दौरान उसकी घबराहट साफ नजर आने लगी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बुलाया गया और पूरे मामले की जानकारी दी गई।
सूचना पर थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक कपिल देव मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में पता चला कि कासिम यमुनानगर की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और उसने शादी के लिए खुद को पुलिसकर्मी दिखाने के उद्देश्य से हाल ही में वर्दी तैयार कराई थी। पुलिस ने उसके पास से वर्दी और फर्जी पहचान पत्र बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।