सरसावा के काजीपुरा गांव में रहने वाले शिवकुमार की ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि शिवकुमार को पत्नी के कथित अवैध संबंध और जमीन के लेन-देन के बारे में पता चला था, जिससे वह मानसिक दबाव में आ गए और इस कदम को अंजाम दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिवकुमार के बेटे ऋतिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 फरवरी को उनके पिता ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मां मुनेश और घर में काम करने वाले नूरहसन के बीच आपत्तिजनक संबंध थे। इसके बाद जीआरपी ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने अलग-अलग जगहों से आरोपियों को गिरफ्तार किया। नूरहसन को लुधियाना की स्टार सिटी कॉलोनी से और मुनेश को काजीपुरा, सरसावा से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने माना कि घर की मरम्मत के दौरान उनका आपसी संबंध बन गया और उन्होंने मिलकर शिवकुमार को भड़काकर 12 बीघा जमीन बेच दी। नूरहसन ने इस जमीन का कुछ हिस्सा अपने नाम कर लिया और बाकी रकम से रावणपुर बुर्जु में नई जमीन खरीदी।

शिवकुमार परिवार के चार भाइयों में सबसे छोटे थे। जांच में यह भी सामने आया कि दो साल पहले परिवार ने लगभग 30 बीघा पैतृक जमीन बेचकर रावणपुर बुर्जु में 48 बीघा जमीन खरीदी थी। जुलाई 2025 में शिवकुमार के हिस्से की 12 बीघा जमीन में से आठ बीघा बेच दी गई, जिसकी कीमत लगभग 42 लाख रुपये थी।