उत्तर प्रदेश में मौसम ने गर्मी की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में दिन में तेज धूप और बढ़ता तापमान लोगों को चिढ़ाने लगा। झांसी में 34.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई। वहीं फतेहपुर में 34.6, वाराणसी में 33.6, हमीरपुर में 33.2 और आगरा में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया।

साथ ही फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर राजधानी लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से रूखी पछुआ हवाएं चलीं, जिन्हें स्थानीय रूप से फगुनहट कहा जाता है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मंगलवार से इन हवाओं की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है। हवाओं के थमते ही तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ेगी।

राजधानी लखनऊ में सोमवार को दिन के समय चिलचिलाती धूप ने आमजन को परेशान किया। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार के बाद तापमान में लगभग तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही दिन और रात दोनों में गर्मी के असर में लगातार इजाफा देखने को मिलेगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो एक दिन पहले की तुलना में 1.1 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो 1.4 डिग्री की गिरावट दर्शाता है।