कानपुर। हरबंश मोहाल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। कोयला लदे ट्रक ने शुक्लागंज के प्रेमनगर पोनी रोड निवासी राजू सिंह (47) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, राजू सिंह आइसक्रीम बेचने का काम करते थे। वे सुतरखाना स्थित आइसक्रीम फैक्टरी में ठेला लगाकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही उनके बेटे हिमांशु मौके पर पहुंचे।

परिजनों ने लगाए आरोप

गुरुवार सुबह मृतक की पत्नी कुंती थाने पहुंचीं और आरोप लगाया कि पुलिस ने उनसे अभद्रता की और उन्हें थाने से भगा दिया। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ललित कुमार के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और चालक हीरालाल, निवासी मऊ (फतेहपुर) को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

परिवार में कोहराम

मृतक की पत्नी कुंती ने बताया कि उनकी बेटी रितिका की शादी 24 नवंबर को तय थी। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए कार्रवाई की अपील की है।