उत्तर प्रदेश के संभल जिले के धनारी थाना क्षेत्र के गांव भिरावटी में खेत पर मिले किसान नरेश (45) के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे अवैध संबंधों का मामला था। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके समधी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

लहसुन की रखवाली कर रहा था किसान

एसएसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जानकारी देते हुए बताया कि नरेश मंगलवार रात अपने खेत में लहसुन की रखवाली करने गया था। बुधवार सुबह तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उसका शव खेत में पड़ा मिला, जिसके गले पर गमछा कसा हुआ था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है।

मोबाइल कॉल्स से खुला राज

पुलिस ने सर्विलांस और तकनीकी जांच के आधार पर मृतक की पत्नी शीला और उसके समधी सत्यपाल को हिरासत में लिया। जांच में पता चला कि दोनों के बीच लंबे समय से मोबाइल पर लगातार बातचीत हो रही थी।

सख्ती से पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात की बात स्वीकार कर ली।

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, नरेश के तीन बेटे हैं, जो दिल्ली में काम करते हैं। घर पर नरेश अक्सर खेत में ही रात बिताता था। वहीं बड़े बेटे की शादी होने के कारण समधी सत्यपाल का घर आना-जाना भी बना रहता था। इसी दौरान शीला और सत्यपाल के बीच नजदीकियां बढ़ गईं।

जब नरेश को इस संबंध की जानकारी हुई और वह विरोध करने लगा, तो दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच दी।

दोनों आरोपी जेल भेजे गए

मृतक के बड़े भाई मदनपाल की शिकायत पर पुलिस ने शीला और सत्यपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गमछा, बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए हैं।