कानपुर। जिले के बिल्हौर क्षेत्र के शिवराजपुर में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दुबियाना अंडरपास के ऊपर हाईवे पर चार बाइक सवारों को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, सभी लोग एक ही बाइक पर सवार होकर बिल्हौर से भांजे के तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे में बिठूर थाने के बाकरगंज गांव निवासी विनोद निषाद (45), रामनारायण (52) और पियूष निषाद (11) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दीक्षा को तुरंत रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।