दिल्ली। होली के दिन भलस्वा डेयरी क्षेत्र में कार हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान फायरिंग करने और दोनों हाथों में पिस्टल लहराकर लोगों को धमकाने वाले आरोपी को अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मुकुंदपुर निवासी शिवम उर्फ शिवा के रूप में हुई है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी थी। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से दो पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और गैर इरादतन हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के अनुसार, 4 मार्च को होली के दिन भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को मुकुंदपुर पार्ट-2 इलाके में झगड़े और फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को शिकायतकर्ता अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि कार हटाने को लेकर उसकी शिवम उर्फ शिवा से बहस हो गई थी। उस समय आरोपी नशे में था और गाली-गलौज करते हुए वहां से चला गया।
कुछ देर बाद वह दो पिस्टल लेकर वापस लौटा और अरविंद पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, हालांकि पीड़ित बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए पिस्टल लहराई, लोगों को धमकाया और अरविंद की अर्टिगा कार समेत पड़ोसी की इनोवा कार सहित कई वाहनों में तोड़फोड़ कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया और आगे की जांच अपराध शाखा को सौंप दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें आरोपी दो पिस्टल लहराते हुए लोगों के साथ गाली-गलौज करता दिखाई दे रहा था। इसके बाद निरीक्षक रामपाल के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अप्रैल को यूईआर-2 के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक शिवम दसवीं तक पढ़ा है और पहले मांस की दुकान चलाता था। पूछताछ में उसने होली के दिन फायरिंग करने की बात कबूल कर ली है। साथ ही उसने पूर्व में हुई कुछ हिंसक घटनाओं में शामिल होने की बात भी मानी है, जिनमें 2023 में एक विवाद के दौरान गोली चलाने और 2024 में अमित उर्फ लंगड़ा की हत्या के मामले में शामिल होने का आरोप भी शामिल है।