लखनऊ। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी अंतिम मतदाता सूची में कथित त्रुटियों को लेकर समाजवादी पार्टी ने आपत्ति जताई है। पार्टी ने इन गलतियों को गंभीर बताते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को ज्ञापन सौंपा है।
📌 सपा ने उठाए सूची की गड़बड़ियों पर सवाल
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की ओर से भेजे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि मतदाता सूची में हुई गलतियों, नामों के हटाए जाने और संशोधनों से जुड़ी विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाए।
पार्टी ने यह भी मांग की है कि बूथ और विधानसभा स्तर पर फार्म-6 से जोड़े गए तथा फार्म-8 से संशोधित नामों की पूरी सूची साझा की जाए।
🧾 घर-घर सत्यापन की मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि सूची में जोड़े गए या संशोधित किए गए प्रत्येक मतदाता का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाना जरूरी है, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि या गड़बड़ी न रहे।
⚠️ कई बूथों पर अनियमितताओं के आरोप
सपा नेताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन में कुछ उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें कहा गया है कि इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा के एक बूथ पर मतदाता के पिता का नाम गलत भाषा में दर्ज है, जबकि एक अन्य मामले में फोटो उल्टी प्रिंट होने की बात कही गई है।
इसी तरह गाजीपुर विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ पर एक ही नाम के दो मतदाता दर्ज होने का दावा किया गया है, जिसे डुप्लीकेट एंट्री बताया गया है।
📊 अपील प्रक्रिया पर स्पष्ट SOP की मांग
पार्टी ने यह भी कहा है कि लाजिकल एरर और नो-मैपिंग के आधार पर हटाए गए मतदाताओं के लिए अपील प्रक्रिया स्पष्ट नहीं है। सपा ने मांग की है कि पहले 15 दिनों में डीएम के समक्ष और उसके बाद 30 दिनों में मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील की व्यवस्था को लेकर स्पष्ट SOP जारी की जाए।
साथ ही ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रक्रिया, नियम तथा शुल्क से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक की जाए।
🗳️ पारदर्शिता पर जोर
समाजवादी पार्टी ने कहा है कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है, इसलिए सभी त्रुटियों को तुरंत ठीक किया जाना चाहिए और पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए।