लखनऊ: आगामी उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं दी जाएगी। परीक्षार्थियों को बस या अन्य परिवहन माध्यमों के लिए टिकट लेना अनिवार्य होगा। यह जानकारी परिवहन विभाग ने बुधवार को जारी दिशा-निर्देशों में दी।

सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रमित करने वाली खबर

सोशल मीडिया पर यह खबर फैल रही थी कि अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड दिखाकर निगम की बसों में मुफ्त में यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने स्पष्ट किया कि निगम मुख्यालय की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है और न ही कोई आधिकारिक आदेश जारी हुआ है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित यह जानकारी पूरी तरह असत्य और भ्रामक है।

भ्रामक सूचना को रोकने के निर्देश

अनिल कुमार ने सभी क्षेत्रीय और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि बस अड्डों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से अभ्यर्थियों को इस भ्रामक सूचना के बारे में स्पष्ट किया जाए। इसके अलावा, चालकों और परिचालकों को भी सही जानकारी देने के लिए कहा गया है, ताकि किसी प्रकार का भ्रम या संशय उत्पन्न न हो।

परिवहन विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे सिर्फ आधिकारिक सूत्रों और सूचना बोर्ड से ही जानकारी लें और सोशल मीडिया की अफवाहों पर विश्वास न करें।