कासगंज जिले के सहावर क्षेत्र के गांव हीरापुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें करंट लगने से मां और बेटे दोनों की मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 65 वर्षीय किरण देवी सुबह करीब 4 बजे घर के बाहर लगे हैंडपंप से पानी भर रही थीं। इसी दौरान किसी कारणवश हैंडपंप में करंट उतर आया और वह उसकी चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह जोर से चीख पड़ीं।

मां की आवाज सुनकर उनका बेटा 34 वर्षीय रहीशपाल तुरंत मदद के लिए दौड़ा, लेकिन जैसे ही उसने मां को बचाने की कोशिश की, वह भी करंट की चपेट में आ गया। देखते ही देखते दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।

परिजनों ने किसी तरह बिजली का कनेक्शन काटकर दोनों को अलग किया और आनन-फानन में रहीशपाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। किरण देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सहावर कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।