लखीमपुर खीरी में एक कक्षा एक की छात्रा की भावुक अपील ने प्रशासन को हरकत में ला दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में छात्रा मानवी सिंह ने अपने गांव की खराब सड़क को लेकर जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी। वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और खुद मौके पर पहुंच गए।
डीएम ने पैदल चलकर किया निरीक्षण
मंगलवार को जिलाधिकारी सलेमपुर ग्राम पंचायत पहुंचे और खराब सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने खड़ंजा मार्ग पर पैदल चलकर स्थिति का जायजा लिया और छात्रा मानवी के घर तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बच्ची और उसके पिता से बातचीत भी की।
निरीक्षण में पाया गया कि सड़क पर खड़ंजा तो मौजूद है, लेकिन बारिश के कारण कई जगह रास्ता ऊबड़-खाबड़ हो गया है। जलभराव की वजह से स्थिति और बिगड़ गई है।
तुरंत मरम्मत के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के आदेश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि भविष्य में जलभराव जैसी समस्या दोबारा न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों को जल्द ही राहत मिलेगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी मासूम अपील
मानवी सिंह ने वीडियो में “हेलो डीएम अंकल, हमारी सड़क बनवा दीजिए” कहकर प्रशासन से मदद मांगी थी। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने सक्रियता दिखाई।
ग्रामीणों की पुरानी समस्या उजागर
सलेमपुर कोन क्षेत्र में स्थित यह मार्ग राजकीय पॉलिटेक्निक, आयुष्मान केंद्र, अंबेडकर पार्क और पानी टंकी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ता है। इसके बावजूद सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है।
बरसात के मौसम में यह रास्ता कीचड़ और पानी से भर जाता है, जिससे स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी होती है। छात्रा की यह छोटी सी अपील अब पूरे गांव की बड़ी समस्या की ओर ध्यान खींचने में सफल रही है।