सीतापुर जिले के महोली क्षेत्र में नेरी पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, पिसावां इलाके के टिपिकापुर निवासी 22 वर्षीय विपिन कुशवाहा अपनी पत्नी नीलम (20) और 14 वर्षीय बहन राखी के साथ बाइक से बालाजी मंदिर, नेवादा (नेरी) दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान नेरी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में विपिन और उसकी बहन राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी नीलम गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल नीलम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि विपिन की शादी इसी वर्ष 10 मार्च को मोहम्मदी के पकरिया गांव की नीलम से हुई थी। शादी के बाद यह परिवार पहली बार एक साथ मंदिर दर्शन के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।