उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर स्थित भगत सिंह कॉलोनी में सोमवार देर रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय ललित कुमार के रूप में हुई है। इस मामले में परिजनों ने उसके ही दोस्त मोहित पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहित के निजी जीवन से जुड़े विवाद और पारिवारिक तनाव इस वारदात की वजह हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि मोहित का अपनी पत्नी से तलाक को लेकर विवाद चल रहा था और वह इस पूरे मामले में ललित के परिवार को जिम्मेदार मानता था।

हत्या के बाद आरोपी फरार, जांच तेज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान और फरारी के बाद की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।

शरीर पर मिले चाकू के कई निशान

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मंगलवार तड़के सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, जहां ललित कुमार का शव मिला। शरीर पर चाकू के कई वार के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है।

परिवार में कोहराम, कॉल से खुला राज

मृतक के परिजनों के अनुसार, ललित ब्रह्मपुरी स्थित जैन स्वीट्स वाली गली में परिवार के साथ रहता था। सोमवार शाम वह घर से किसी कॉल पर बाहर गया था। बाद में मोहित ने कथित तौर पर ललित के मोबाइल से उसके भाई हिमांशु को फोन कर हत्या की बात कही और शव लेने के लिए बुलाया।

परिवार का आरोप है कि मोहित ने व्यक्तिगत रंजिश और वैवाहिक विवाद के चलते ललित को निशाना बनाया। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।