उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सुरीर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 88 के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया।

जानकारी के अनुसार दिल्ली से कानपुर जा रही एक बस के कुछ यात्री रास्ते में शौच के लिए बस से नीचे उतरे थे। बस चालक ने तय सुरक्षित स्थान यानी ग्रीन जोन की बजाय वाहन को सड़क किनारे ही रोक दिया। उसी दौरान पीछे से आ रहा एक कंटेनर अचानक बस से टकराया और फिर नियंत्रण खोते हुए बाहर खड़े यात्रियों पर चढ़ गया।

हादसे में सोनू (औरैया), देवेश (बस्ती), असलम (कन्नौज), संतोष (दिल्ली) समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई। दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मौके पर पहुंची पुलिस, यातायात बहाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में नियंत्रित कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है। कंटेनर चालक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

लापरवाही से गई जानें

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस को गलत स्थान पर रोकना हादसे की बड़ी वजह बना। एक्सप्रेसवे पर निर्धारित ग्रीन जोन में ही वाहनों को रोकने के नियम हैं, लेकिन इनके उल्लंघन से यह दुखद घटना हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी के खतरों को उजागर कर दिया है।