मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र में कांकरखेडा मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बाइक सवार मामा-भांजी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर से पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर लौट रहे राम सिंह अपनी भांजी नैना को बाइक से घर वापस ला रहे थे। नैना, डिलारी क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी ज्ञानकी प्रसाद की पुत्री थी और उसने यूपी पुलिस आरक्षी पद के लिए आवेदन किया था। परीक्षा की पहली पाली में शामिल होने के लिए वह अपने मामा के घर आई थी।
परीक्षा देने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे जैसे ही वे दलपतपुर-काशीपुर मार्ग से जुड़े कांकरखेडा मोड़ पर पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों ने हादसा देखकर शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर तेजी से फरार हो गया। ग्रामीणों ने कई बाइकों से उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।