बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि प्रबुद्ध वर्ग संगोष्ठी की अपार सफलताओं से विरोधियों में खलबची मची हुई है। भाजपा को अपने हाथ से सत्ता जाते हुए दिख रही है। मायावती ने मंगलवार को माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय पर सात मंडलों की बैठक के दौरान यह बातें कहीं।
मायावती ने लखनऊ, प्रयागराज, देवीपाटीन, फैजाबाद, आजमगढ़, गोरखपुर और बस्ती मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारियों, जिला सेक्टर प्रभारियों के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। मायावती ने संगठन खासकर पोलिंग बूथ कमेटियों के कार्यकलापों व उनकी तैयारियों आदि की समीक्षा की और बचे हुए कामों को युद्धस्तर पर एक से डेढ़ माह में पूरा करने का निर्देश दिए। कहा कि कमेटी गठन व कैडर बैठकों में सभी को उनकी जिम्मेदारियां जरूर बताई जाएं और इसकी लगातार समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट से उन्हें अपडेट कराया जाए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिस प्रकार से कांग्रेस, भाजपा व समाजवादी पार्टी द्वारा बसपा मूवमेंट व उसके नेतृत्व के खिलाफ तरह-तरह के हथकंडों का इस्तेमाल कर रहा है। इसलिए उनका सामना करने के लिए पहले से ज्यादा सजग रहने की जरूरत है। विरोधी पार्टियां बसपा के बढ़ते जनाधार व यूपी में एक बेहतर विकल्प के रूप में उसके उभरने से काफी घबराई हुई हैं। भाजपा सत्ता जाती हुई देखकर ऐसे फैसले ले रही है जिसका जनहित से सही वास्ता न होकर केवल वक़्ती व सस्ती लोकप्रियता वाला है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अड़ियल रवैया त्याग कर कृषि कानूनों को वापस लेने पर विचार करना चाहिए। इस मामलें में हरियाणा सरकार का रवैया लगातार घोर किसान-विरोधी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बसपा आंदोलित किसानों के साथ उनकी जायज मांगों के समर्थन में हमेशा खड़ी रही है। यूपी की भाजपा सरकार से भी आग्रह है कि वह हरियाणा व मध्य प्रदेश जैसे राज्यों की तरह किसानों के खिलाफ बर्बर व्यवहार न करे।
उम्मीदवारों के नाम जल्द भेजे
मायावती ने तीन बिंदु बूथ कमेटी गठन, प्रबुद्ध वर्ग विचार गोष्ठी को सफल बनाने के साथ ही विधानसभा प्रभारियों के नामों को अंतिम रूप देते हुए भेजने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, अधिकतर जिलों से नाम पहले आ चुके हैं, लेकिन जहां विवाद है वहां फिर से भेजने को कहा गया है।