लखनऊ। होली पर्व के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलिंडर रीफिल पर सब्सिडी प्रदान की। शनिवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह लाभार्थी सुविधा उपलब्ध कराई। लोकभवन में आयोजित इस अवसर पर कुल 1,500 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि पहले कांग्रेस के समय में सिलिंडर केवल सिफारिश पर मिलता था, लेकिन अब आमजन तक भी यह सुविधा पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल से करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन मिला है और यह योजना गरीब और आम लोगों के जीवन स्तर को सुधारने का काम कर रही है।
वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि पहले गरीब और अमीर की पहचान केवल शौचालय और अन्य आधारभूत सुविधाओं के आधार पर होती थी। अब हर घर में शौचालय उपलब्ध है और आयुष्मान कार्ड के जरिए गरीबों को निशुल्क इलाज मिलता है। उन्होंने बलिया से उज्ज्वला योजना की शुरुआत का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक 10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को सिलिंडर वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व समानता और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार की यह योजना 2022 में शुरू हुई थी और अब होली के पहले या बाद में लाभार्थी अपने नजदीकी एजेंसी से फ्री में गैस सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का मंत्र दोहराते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य हर वर्ग के लोगों तक समान लाभ पहुँचाना है।
सीएम ने आगे कहा कि आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध है, और अब शिक्षक और शिक्षणेतर कर्मियों को भी इसमें जोड़ा गया है। महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तीकरण पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से लड़ रही बेटियों के लिए 2,100 रुपये का इंजेक्शन अब केवल 300 रुपये में मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर बेटी और हर महिला तक पहुंचे, यही सरकार की प्राथमिकता है। राशन की दुकानों में ई-पॉस मशीनों से पारदर्शिता आई है और गांव की बेटियां गांव में ही वीसी सखी के रूप में रोजगार पा रही हैं। उन्होंने कहा कि पर्व का असली उद्देश्य उत्साह और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना है।