उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्र, एनसीआर और उत्तराखंड से सटे जिलों में शामली, गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक दर्ज की गई। कई जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, विक्षोभ के असर से शनिवार को पूर्वी यूपी और मध्यांचल में भी कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पश्चिमी तराई और उत्तराखंड से सटे लगभग 15 जिलों में ओलावृष्टि का खतरा भी है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर प्रदेश में सक्रिय होने जा रहा है। इसका असर पूर्वी और पश्चिमी दोनों संभागों के दिन-रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के रूप में देखने को मिलेगा। शनिवार को पश्चिमी यूपी में न्यूनतम तापमान में लगभग 5 डिग्री की बढ़त रहने का अनुमान है, जबकि मध्यांचल में बादलों के कारण दिन का तापमान थोड़ी गिरावट के साथ रहेगा।
ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं में संभावित ओले।
तेज हवाओं की संभावना (40–50 किमी/घंटा)
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं।
मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और तेज हवाओं, ओले तथा बारिश के मद्देनजर सतर्क रहने की अपील की है।