‘भाबीजी घर पर हैं’ के लेखक मनोज संतोषी नहीं रहे

भाबीजी घर पर हैं, हप्पू की उलटन-पलटन, जीजा जी छत पर, मैडम मैं आइ कम इन से लोगों को मुस्कराहट देने वाले लेखक मनोज संतोषी आंखों में आंसू देकर दुनिया से अलविदा कह गए। उनका हैदराबाद में निधन हो गया। मनोज संतोषी का पार्थिव शरीर देर रात अलीगढ़ से होकर जाएगा। अपने जीते जी कई बार मनोज संतोषी अलीगढ़ आए, पर यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा होगी।

लेखक मनोज संतोषी का निधन हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में 23 मार्च को शाम मे हो गया। बताया जा रहा है कि वह लिवर की बीमारी से ग्रसित थे। अलीगढ़ में उनके खास संजय माहेश्वरी ने अमर उजाला को बताया कि दिवंगत मनोज संतोषी का पार्थिव शरीर हैदराबाद से बुलंदशहर के रामघाट ले जाया जाएगा। पार्थिव शरीर आज रात अलीगढ़ से होकर जाएगा। 

अलीगढ़ के पड़ोसी जनपद में हुआ था जन्म
मनोज संतोषी का जन्म अलीगढ़ जनपद के पड़ौसी जिला बुलंदशहर में गंगा किनारे बसे कस्बा रामघाट में 1976 में हुआ था। जरगवां स्थित इंटर कॉलेज में उनकी पढ़ाई हुई थी। वह गायक बनना चाहते थे, जिसके लिए वह मुंबई गए। वहां पर इनकी मुलाकात एक लेखक से हुई, जिसके बाद इन्होंने लेखक बनने का संकल्प कर लिया। 

अलीगढ़ की कचौडी और जलेबी के दीवाने थे 
अलीगढ़ से मनोज संतोषी का अलग ही लगाव था। मनोज संतोषी कई बार अलीगढ़ आए। मनोज संतोषी ने अपने सीरियल भाबीजी घर पर हैं में  अलीगढ़ के सुमित सराफ और संजय माहेश्वरी को अभिनय करने का मौका भी दिया था। मनोज संतोषी को अलीगढ़ की कचौड़ी और जलेबी बहुत पसंद थीं। दो साल पहले 10 मार्च 2023 में वह अलीगढ़ आए। लेखक मनोज संतोषी ने अपने मित्र व माहेश्वरी क्रिएटिव क्लब के संरक्षक संजय महेश्वरी के साथ रेलवे रोड स्थित सुरेश कचौड़ी वाले के यहां ठेले पर ही कचौड़ी का स्वाद भी लिया था। इस दौरान कई लोगों ने उन्हें पहचान लिया और उनके साथ सेल्फी भी ली थी।  

खेलों से भी था मनोज संतोषी का लगाव, खेल के लिए यह था कहना
मनोज संतोषी का खेलों से भी लगाव था। खेलों के प्रति उनका अलग ही नजरिया था। तीन साल पहले 18 फरवरी 2022 को मनोज संतोषी अलीगढ़ आए थे। उन्होंने वार्ष्णेय महाविद्यालय के क्रीड़ा हाल में प्रो कबड्डी लीग के लोगो का अनावरण किया था। मनोज संतोषी ने कहा था कि खेल मनोरंजन का साधन ना होकर हमारी भारतीय सभ्यता एवं मानवता की सुंदर पाठशाला है। सेवा भाव से निशुल्क रूप से आयोजित की जा रही ऐसी खेल प्रतियोगिताओं से खेल के साथ-साथ आपसी प्यार और मोहब्बत के बढ़ावे में एक नई क्रांति आएगी। जिससे सरकार की फिट इंडिया एवं खेलो इंडिया अभियान में मजबूती मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here