बांदा। अतर्रा कस्बे में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ गंभीर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बाइक पर बैठाया गया और एक होटल ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी किशोरी को बेहोशी की हालत में कस्बे के केन नहर पुल के पास छोड़कर फरार हो गए।

किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी और पीड़िता एक-दूसरे से पहले से परिचित थे, और मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है।

पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार देर शाम की है। किशोरी अपनी सहेली के साथ बाजार में थी। सहेली के अलग होने के बाद वह बांदा रोड पर चाट की ठेलिया के पास रुकी थी। तभी बाइक सवार तीनों आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाया, जिससे वह अर्ध-बेहोशी की स्थिति में आ गई। इसके बाद आरोपी उसे स्टेशन रोड स्थित एक होटल ले गए।

होटल में गिरवा के सहेवा गांव निवासी 18 वर्षीय महेश कुशवाहा, 19 वर्षीय शक्ति सिंह और एक 15 वर्षीय किशोर ने मिलकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की।