पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के पतरासा कुंवरपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 569.11 करोड़ रुपये की लागत वाली 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र भी वितरित किए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 106 बंगाली समुदाय के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए, जिससे उन्हें देश के पूर्ण नागरिक के रूप में सभी अधिकार प्राप्त हो गए।

बंगाली परंपरा में हुआ स्वागत, कई मंत्री रहे मौजूद

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का स्वागत बंगाली परंपरा के अनुसार किया गया। मंच पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने क्षेत्र में चीनी मिल, स्टेडियम और डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग रखी, जबकि बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार के कार्यों की सराहना की।

सुबह से जुटी भीड़, बड़ी संख्या में पहुंचे लोग

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों और लाभार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया था। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जनसभा स्थल पर एकत्र हो गए। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन के लिए पूरी तैयारी की हुई थी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े इंतजाम किए गए थे।

1100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात

कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। चार स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया और कुल 1100 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था में चार एडिशनल एसपी, 10 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 47 थाना प्रभारी, 144 उपनिरीक्षक, 41 महिला उपनिरीक्षक, 624 कांस्टेबल और 94 महिला कांस्टेबल शामिल रहे।

यातायात नियंत्रण के लिए एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर, नौ ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर और 34 ट्रैफिक कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसके अलावा 118 एंटी राइट यूनिट (AIU) कर्मी भी सुरक्षा में तैनात रहे।