प्रेमनगर के मांडूवाला इलाके में सड़क किनारे जंगल के पास एक बैग में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतका लगभग 30-35 वर्ष की है और शव करीब छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब उसकी शिनाख्त करने में लगी हुई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि बैग से तेज़ दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो उसमें महिला का शव पड़ा था। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।
फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए। मृतका की पहचान के लिए जिले के सभी थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टें जांची जा रही हैं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, शव को घुटने मोड़कर बैग में रखा गया था। पुलिस फिलहाल सभी संभावित सबूतों और सुरागों की पड़ताल कर रही है ताकि घटना का पूरा सच सामने आ सके।