हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर और कांग्रेस पार्टी पर सीधे हमले किए। राठौर का आरोप है कि उर्मिला सनावर खुद को उनकी पत्नी बताकर सोशल मीडिया पर उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर सनावर के पास कोई कानूनी दावा है, तो उसे अदालत में साबित किया जाए, न कि सार्वजनिक मंच पर बयानबाजी कर बदनाम किया जाए।
पूर्व विधायक ने बताया कि इस विवाद के पीछे एक सुनियोजित साजिश है, जिसका उद्देश्य उनके परिवार को प्रभावित करना और उनकी राजनीतिक साख को चोट पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें कालनेमी जैसे शब्दों से जोड़कर बदनाम किया गया और ज्वालापुर थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। इसके अलावा, राठौर ने दावा किया कि उन्हें 50 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
सुरेश राठौर ने पूरे मामले को कांग्रेस से प्रेरित बताते हुए कहा कि जांच के दौरान उनके मोबाइल और कॉल डिटेल्स की पड़ताल में कई कांग्रेस से जुड़े नाम सामने आ सकते हैं। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की और स्पष्ट किया कि सच्चाई सामने आने पर वह पीछे नहीं हटेंगे।
इसके साथ ही, राठौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि अगर जांच में उनकी कोई गलती साबित होती है तो किसी भी कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार हैं, लेकिन मामले की जांच पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए।