गोपेश्वर। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार तड़के ज्योर्तिमठ के पास पैनी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत कुल 18 यात्री सवार थे। जैसे ही वाहन पैनी के पास पहुंचा, वह नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
16 यात्री घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। वाहन में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
सभी घायलों को 108 एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, करीब 16 यात्री घायल हुए हैं।
महिला यात्री की मौत
इस दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी महिला यात्री आरती की मौत हो गई। उनकी मौत से समूह में यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।