देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसी पहलों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूती से बढ़ावा दिया है। इन कार्यक्रमों से युवाओं को खेलों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।