प्रदेश में हर ग्रामीण घर तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाने के मिशन को तेजी से लागू करने के लिए ग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने कार्य में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। जल जीवन मिशन परियोजना में देरी और लापरवाही के आरोप में कुल 26 इंजीनियरों के खिलाफ निलंबन, विभागीय कार्रवाई और कारण बताओ नोटिस जैसे कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई करते हुए, नमामि गंगे विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर रैंक के 12 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। वहीं, चार अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
तीन अधिशासी अभियंताओं को परियोजना में धीमी प्रगति के कारण कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इसके अलावा, विभिन्न शिकायतों के आधार पर सात इंजीनियरों का तबादला भी किया गया है। यह हाल के समय में लेटलतीफी के मामलों में सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
सुधार नहीं किया तो बर्खास्तगी भी संभव
अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने के मिशन मोड पर काम कर रही है। इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं करते हैं, तो बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
निलंबित अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची
निलंबित किए गए इंजीनियरों में शामिल हैं:
- लखीमपुर खीरी: अधिशासी अभियंता अविनाश गुप्ता
- जौनपुर: अधिशासी अभियंता सौमित्र श्रीवास्तव
- गाजीपुर: अधिशासी अभियंता मो. कासिम हाशमी
- चंदौली: कार्यवाहक अधिशासी अभियंता अमित राजपूत
- चंदौली: सहायक अभियंता सीताराम यादव
- बिजनौर: सहायक अभियंता अकबर हसन
- औरैया: जूनियर इंजीनियर अनुराग गोयल
- हाथरस: जूनियर इंजीनियर कुलदीप कुमार सिंह
- आजमगढ़: जूनियर इंजीनियर राजेन्द्र कुमार यादव
- बरेली: जूनियर इंजीनियर रूप चन्द्र
- बाराबंकी: जूनियर इंजीनियर अवनीश प्रताप सिंह
- कुशीनगर: कार्यवाहक खंडीय लेखाकार धर्मप्रकाश महेश्वरी
विभागीय जांच के आदेश
चार इंजीनियरों के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच का आदेश दिया गया है:
- औरैया: अधिशासी अभियंता अमन यादव
- मैनपुरी: अधिशासी अभियंता अंकित यादव
- प्रयागराज: अधिशासी अभियंता प्रवीण कुट्टी
- शामली: कार्यवाहक अधिशासी अभियंता फूल सिंह यादव
तीन अन्य अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया:
- गाजियाबाद: अधिशासी अभियंता भारत भूषण
- आगरा: अधिशासी अभियंता अमित कुमार
- मीरजापुर: अधिशासी अभियंता राजेश कुमार गुप्ता
सात इंजीनियरों का तबादला
शिकायत के आधार पर इन इंजीनियरों का तबादला किया गया:
- विपिन कुमार वर्मा: प्रतापगढ़ → चंदौली
- मो. असजद: रामपुर → चंदौली
- प्रदीप कुमार मिश्रा: बाराबंकी → बिजनौर
- उदयराज गुप्ता: चंदौली → रामपुर
- अमित कुमार: शामली → बाराबंकी
- चन्द्र बोध त्यागी: मैनपुरी → आजमगढ़
- अजय कुमार: कौशांबी → आजमगढ़