रामनवमी के पावन अवसर पर इस साल श्री राम जन्मभूमि मंदिर में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सकें। इस खास दिन मंदिर पूरे दिन खुला रहेगा।

मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर प्रातः 6:30 बजे से अनुष्ठान शुरू होंगे और सुबह 11:00 बजे तक चलेंगे। इस दौरान मंदिर के कपाट पूरे दिन खुलेंगे और उन्हें बंद नहीं किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकें। आवश्यकता पड़ने पर दर्शन की अवधि को और बढ़ाया भी जा सकता है।

दोपहर 12:00 बजे भगवान रामलला का जन्मोत्सव भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इस दौरान सूर्य की किरणें भगवान के मस्तक पर पड़कर दिव्य “सूर्य तिलक” का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत करेंगी। पूरे समारोह का लाइव प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जाएगा, ताकि देश-विदेश के श्रद्धालु भी इस अलौकिक क्षण का आनंद ले सकें।

इस अवसर पर रामलला को लगभग छह क्विंटल पंजीरी का भोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर परिसर में इस समय लगातार “बधाई गान” का आयोजन चल रहा है, जिससे माहौल भक्तिमय बना हुआ है। जन्मोत्सव के दिन राम परिवार के दरबार में भी बधाई गान होगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन पथ पर मैट बिछाए गए हैं और जहां कैनोपी नहीं है, वहां छाया की विशेष व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही रामलला की आकर्षक फूल बंगला झांकी भी सजाई गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण होगी।

शाम होते ही मंदिर का शिखर भव्य फसाड लाइटिंग से जगमगा उठेगा, जिससे पूरा परिसर दिव्य और आलौकिक आभा से भर जाएगा। रामनवमी के इस भव्य आयोजन ने अयोध्या नगरी में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण और भी प्रगाढ़ कर दिया है।