देहरादून: राजधानी में गुरुवार को सेंट जूड चौक के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तमिलनाडु से ऑल इंडिया टूर पर आए 40 छात्र उस समय खतरे में पड़ गए जब उनकी चलती बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिस और राहगीरों की त्वरित कार्रवाई से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

हरिद्वार से एफआरआई की ओर जा रहे थे छात्र

जानकारी के अनुसार, छात्र सुबह हरिद्वार से निकलकर देहरादून स्थित भारतीय वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) देखने जा रहे थे। जैसे ही बस सेंट जूड चौक के पास पहुंची, इंजन के पास से धुआं उठने लगा। बस में धुआं फैलते ही छात्रों में अफरातफरी मच गई।

ट्रैफिक पुलिस और राहगीरों ने बचाई जान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्राइवर ने बस को किनारे खड़ा किया। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस के कर्मी मौके पर पहुंचे और बस में फंसे छात्रों को दरवाजों और खिड़कियों के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल की गाड़ी ने तुरंत आग पर काबू पाया।

हादसे में कोई हताहत नहीं

गनीमत रही कि आग फैलने से पहले सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी छात्र को चोट नहीं आई। ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने अपनी तत्परता और सहयोग से बड़े हादसे को टालने में अहम भूमिका निभाई।