प्रदेश महिला कांग्रेस ने बेरोजगार नर्सिंग के साथ हुई मारपीट के विरोध में सोमवार को सचिवालय की ओर कूच किया। पुलिस ने सुभाष रोड पर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की और कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर एकता विहार ले जाया गया।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान नर्सिंग एकता मंच के सैकड़ों बेरोजगार भी मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने आए। हाथीबड़कला क्षेत्र में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब दो घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति रही। प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी पर भी हाथापाई का आरोप लगाया गया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नर्सिंग एकता मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर ने बताया कि संगठन कई दिनों से वर्षवार भर्ती, आयु सीमा में छूट और अन्य मांगों को लेकर धरना दे रहा है। सोमवार को संगठन के सभी बेरोजगारों ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।