ऋषिकेश: बसंत विहार थाना क्षेत्र में धर्म प्रचार और कथित रूप से प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों को लेकर हड़कंप मच गया है। इस मामले में स्थानीय लोगों और एक संगठन की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

घर-घर जाकर प्रचार करने का आरोप

तहरीर के अनुसार, कांवली माड़ी क्षेत्र में सीतापुरी (बनियावाला निवासी) और सुमित्रा (कांवली गांव निवासी) नाम की दो महिलाओं पर घर-घर जाकर ईसाई धर्म का प्रचार करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि दोनों महिलाएं हिंदू महिलाओं को धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से प्रेरित कर रही थीं।

सूचना पर मौके पर पहुंचे लोग

स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने इसकी जानकारी संगठन कार्यकर्ता इंद्रजीत को दी, जिसके बाद संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उस समय दोनों महिलाएं लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के फायदे बता रही थीं।

पुलिस ने की कार्रवाई

घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक दोनों महिलाएं वहां से जा चुकी थीं। बाद में पुलिस ने विकास मॉल क्षेत्र से दोनों महिलाओं को हिरासत में लेकर बसंत विहार थाने पहुंचाया।

सख्त कार्रवाई की मांग

वीर सावरकर संगठन के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया ने तहरीर देकर मांग की है कि दोनों महिलाओं के खिलाफ उत्तराखंड धर्मांतरण विरोधी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

पुलिस जांच जारी

थाना प्रभारी शेंकी कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पक्षों से पूछताछ के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।