हरिद्वार। अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने इस मामले में तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वायरल ऑडियो में अवैध खनन से जुड़े लेन-देन और चौकी प्रभारी के संपर्क की बात सामने आई थी। घटना के उजागर होने के बाद एसएसपी ने प्रारंभिक जांच कराई। जांच में चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई।
तत्काल कार्रवाई में निलंबित किए गए कर्मचारियों में शामिल हैं:
चौकी प्रभारी इकबालपुर नवीन सिंह चौहान
हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा
हेड कांस्टेबल हरेंद्र
कांस्टेबल विपिन कुमार
कांस्टेबल देवेश सिंह
कांस्टेबल प्रदीप
पूरे मामले की विस्तृत जांच पुलिस अधीक्षक देहात, शेखर सुयाल को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और किसी भी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।