उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित एक फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का औपचारिक लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि आध्यात्मिक संदेश और मानवीय मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन और उनके विचार आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि बाबा की शिक्षाएं सरल जीवन, सेवा भाव, करुणा और भक्ति जैसे मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देती हैं, जो आज के दौर में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर बनने वाली फिल्में भारतीय परंपराओं और सनातन मूल्यों को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ऐसी पहल से समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिलता है और नई पीढ़ी अपने सांस्कृतिक व आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ती है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े निर्देशक, कलाकारों और पूरी निर्माण टीम को इस प्रयास के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म के निर्देशक शरद सिंह ठाकुर और अन्य कलाकार भी उपस्थित रहे।