टिहरी बांध की झील में लंबे समय से प्रस्तावित सी-प्लेन संचालन की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम आगे बढ़ा। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद सी-प्लेन ने शाम करीब 5:30 बजे कोटी कॉलोनी स्थित टिहरी झील में सफलतापूर्वक लैंडिंग की। यह ट्रायल सफल माना जा रहा है।

स्काई हाई प्राइवेट लिमिटेड की ओर से किए गए इस पहले सफल ट्रायल के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। कंपनी ने झील में सी-प्लेन की दो बार लैंडिंग और टेकऑफ का परीक्षण भी किया।

कई बार बदला गया शेड्यूल

सी-प्लेन ट्रायल को लेकर सुबह से ही पर्यटन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई थीं। पहले सुबह 9 बजे और फिर दोपहर 12 बजे का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते समय में बदलाव होता रहा। अंततः शाम को ट्रायल सफल हो पाया।

दो दिन और जारी रहेगा ट्रायल

जिला प्रशासन के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को भी टिहरी झील में सी-प्लेन का ट्रायल किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि ट्रायल के दौरान बोटिंग गतिविधियों को प्रभावित न होने देने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

प्रशासन का मानना है कि सी-प्लेन सेवा शुरू होने से टिहरी क्षेत्र में पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित होंगे।

पर्यटन विभाग की प्रतिक्रिया

जिला पर्यटन अधिकारी सोबित सिंह राणा ने बताया कि पहली बार 19 सीटर सी-प्लेन का सफल ट्रायल किया गया है और आगामी दिनों में इसे और परखा जाएगा।