विकासनगर। बादामावाला में शुक्रवार को एक युवा ने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गंभीर स्थिति में घायल युवक को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घायल अंश गुप्ता (20), जो उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीबीए-एलएलबी के दूसरे वर्ष के छात्र हैं, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे कॉलेज से घर लौटे। उनके पिता विवेक गुप्ता शहर के जाने-माने अधिवक्ता हैं।

कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि परिजनों के अनुसार अंश पहले अपने पिता के कमरे में गए और फिर सीधे अपने कमरे में चले गए। थोड़ी देर बाद उनकी मां और बहन ने गोली चलने की आवाज सुनी और दौड़कर कमरे में पहुंचे। उन्होंने देखा कि अंश खून से लथपथ पड़े थे और उनके सिर पर गोली लगी थी। उनके पास पिता का लाइसेंसी रिवॉल्वर भी पड़ा था।

पड़ोसियों और परिजनों ने युवक को तुरंत उप जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अंश ने पिता के कमरे से डिजिटल लॉकर खोलकर रिवॉल्वर निकाली थी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने इकट्ठा कर आगे की जांच शुरू कर दी है।