किसान क्रेडिट कार्ड से वंचित किसानों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के लिए 24 अप्रैल से एक मई तक जिले में उत्तराखंड ग्रामीण बैंक की सभी शाखाओं में किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी अभियान चलाया जाएगा। जिसके तहत किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ दिया जाएगा।
जिलाधिकारी डा. आर राजेश कुमार के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकासभवन में जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई। डोभाल ने कहा कि अभियान के तहत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के सभी लाभार्थियों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाया जाएगा। 24 अप्रैल से देश की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड न बनवाने वाले किसान अपनी भूमि के दस्तावेज व केवाइसी के साथ किसान क्रेडिट कार्ड के लिए संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर सकते हैं।
जिले में लगभग 65 हजार किसान प्रधानमंत्री सम्मान निधि के लाभार्थी है। अभी तक लगभग 40 हजार किसान क्रेडिट कार्ड बैंकों ने जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जो किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनवा पाए, वह 24 अप्रैल से एक मई तक पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाली ग्रामसभा या निकटवर्ती बैंक शाखा से बनवा सकते हैं।
सभी किसानों को प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंर्तगत सामाजिक सुरक्षा योजना व प्रधानमंत्री सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेशन योजना में नामांकन भी कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।