अमेठी: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत

अमेठी। शुकुल बाज़ार थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना माइलस्टोन 59.70 के पास हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक बिहार के निवासी थे और दिल्ली के एक निजी अस्पताल से एक पारिवारिक सदस्य का शव लेकर एंबुलेंस से लौट रहे थे। लखनऊ होते हुए लौटते समय सामने से आ रही तेज़ रफ्तार पिकअप गाड़ी से एंबुलेंस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से पांच ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक को इलाज के लिए शुकुल बाज़ार सीएचसी में भर्ती कराया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, यूपीडा और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में अत्यधिक गति को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

मृतकों की पहचान इस प्रकार की गई है:

  1. राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, पुत्र अशोक शर्मा, निवासी राम भद्रपुर, थाना कल्याणपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार
  2. रवि शर्मा, पुत्र बलराम, निवासी राम भद्रपुर, थाना कल्याणपुर, जिला समस्तीपुर, बिहार
  3. सरफराज, निवासी नालहर, हरियाणा
  4. आबिद, पुत्र हामिद, निवासी फिरोजपुर, थाना नूह, जिला नूंह, हरियाणा
  5. फुलो शर्मा, पुत्र स्व. राम प्रसाद शर्मा, निवासी रवि टोला, थाना हथौड़ी, जिला समस्तीपुर, बिहार

गंभीर रूप से घायल:

  1. शम्भू राय, पुत्र योगेश्वर राय, निवासी पुरी नाही, थाना वारिसनगर, जिला समस्तीपुर, बिहार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here