बिजनौर के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव शेरनगर नरैनी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां तरबूज खाने के कुछ ही देर बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इलाज के लिए ले जाते समय बेटी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दंपती का इलाज चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर डॉ. जिया उल रहमान ने अपनी पत्नी और बेटी मुस्कान के साथ तरबूज खाया था। खाने के कुछ ही समय बाद तीनों को उल्टी, बेचैनी और कमजोरी की शिकायत होने लगी। स्थिति बिगड़ती देख परिजन उन्हें तुरंत बिजनौर के एक निजी अस्पताल ले गए।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने मुस्कान को रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मुस्कान की शादी की तैयारियां भी तय हो चुकी थीं, जिससे परिवार पर दुख और बढ़ गया है।

घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर तरबूज खाने के बाद इतनी गंभीर स्थिति कैसे पैदा हुई। फिलहाल मुस्कान का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। कोतवाली देहात पीएचसी के अधिकारियों ने कहा है कि घटना की जांच कराई जाएगी और वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

वहीं डॉ. जिया उल रहमान और उनकी पत्नी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटे हुए हैं, ताकि यह साफ हो सके कि यह मामला फूड पॉयजनिंग का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।