मथुरा। संत प्रेमानंद महाराज से भेंट करने की गहरी श्रद्धा ने लखनऊ के 20 वर्षीय करन दंडवत करते हुए वृंदावन तक पहुंचने का साहसिक निर्णय लिया। करन इस भक्ति मार्ग पर 17 अगस्त 2025 से निकल चुके हैं और प्रतिदिन चार-पाँच किलोमीटर दंडवत करते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।

शनिवार को जब करन मथुरा के राया कस्बे से गुजरे, तो स्थानीय लोग उनकी भक्ति और दृढ़ संकल्प को देखकर हैरान रह गए। उनके साथ दो साथी, अखिलेश यादव और अंकित यादव, एक बाइक पर चलते हुए करन के खाने-पीने और अन्य आवश्यकताओं का ध्यान रख रहे हैं।

करन ने बताया कि वे संत प्रेमानंद महाराज के उत्तम स्वास्थ्य और श्रीजी की कृपा के लिए यह यात्रा कर रहे हैं। करन एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। छह महीने की छुट्टी मांगने पर उनके मालिक ने पहले मना कर दिया था, लेकिन जब करन ने यात्रा का उद्देश्य बताया, तो मालिक ने खुशी-खुशी उन्हें अनुमति दे दी।

करीब 500 किलोमीटर का सफर कर चुके करन की उम्मीद है कि वे रविवार या सोमवार तक वृंदावन पहुंचेंगे और अपने लक्ष्य, संत प्रेमानंद महाराज से भेंट कर पाएंगे।