मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के रुहासा गांव में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी ही बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रेम संबंध को लेकर था विवाद
जानकारी के अनुसार तैय्यबा, पुत्री अलताफ, का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध चल रहा था, जिससे पिता लंबे समय से नाराज था। बताया जाता है कि दो से तीन दिन पहले युवती अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद पिता उसे खोज रहा था। गुरुवार रात वह उसे वापस घर ले आया था।
सोते समय किया हमला
घर लौटने के बाद युवती सो गई थी। इसी दौरान पिता ने उस पर हमला करने की नीयत से चाकू उठा लिया। जैसे ही युवती की आंख खुली, वह बचने के लिए घर से बाहर भागी, लेकिन पिता ने बाहर ही उसे पकड़ लिया और उस पर कई बार चाकू से वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
गांव में मची अफरा-तफरी, आरोपी फरार
घटना के बाद युवती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी पिता फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। क्षेत्राधिकारी दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।