नोएडा। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव का असर अब नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी दिखाई देने लगा है। रविवार को कई पेट्रोल पंपों तक ईंधन की सप्लाई नहीं पहुंच सकी, जिससे कुछ स्थानों पर पेट्रोल खत्म हो गया। पंप संचालकों ने पेट्रोलियम कंपनियों से संपर्क किया है, जिन्होंने सोमवार तक ईंधन की गाड़ियां पहुंचने का भरोसा दिलाया है। वहीं जिला आपूर्ति विभाग का कहना है कि जिले में ईंधन की कमी नहीं है, लेकिन परिवहन से जुड़ी दिक्कतों के कारण आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
दरअसल, ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है। कई देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए जा चुके हैं। इसी आशंका के चलते शनिवार को नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी कार और बाइक के टैंक फुल करा लिए।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग के कारण देर रात तक कई पंपों का स्टॉक खत्म हो गया। रविवार को भी ईंधन की नई खेप नहीं पहुंची, जिसके चलते कुछ पंपों पर पूरे दिन पेट्रोल की बिक्री नहीं हो सकी और कई वाहन चालकों को वापस लौटना पड़ा।
पंप संचालकों के अनुसार गाजियाबाद के कुछ पेट्रोल पंपों पर भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली है। हालांकि पेट्रोलियम कंपनियों ने आपूर्ति जल्द सामान्य होने का आश्वासन दिया है और सोमवार तक ईंधन पहुंचने की उम्मीद जताई है।
वहीं प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम का कहना है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है। कंपनियों ने भी कीमत बढ़ने की आशंका से इनकार किया है। उनका कहना है कि फिलहाल केवल ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कुछ दिक्कतें सामने आई हैं, जिन्हें जल्द दूर कर लिया जाएगा और आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।