कानपुर-लखनऊ में मौसम ने ली करवट, सुबह-सुबह गरज-चमक के साथ बारिश

लखनऊ/कानपुर। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से मौसम ने अचानक करवट ली है। तेज हवाओं, गरज-चमक और रुक-रुक कर हो रही बारिश ने गर्मी से बेहाल लोगों को बड़ी राहत दी है। वहीं, कानपुर में भी बुधवार की देर शाम से ही बादलों के साथ हवा के रफ्तार भी बढ़ गई थी। सुबह का तापमान 27 डिग्री के करीब बना रहा।

मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, बृहस्पतिवार को बादलों के छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार थे, लेकिन प्री मानसून बादलों की मजबूत उपस्थिति ने मौसम बदल दिया है। 

बृहस्पतिवार सुबह को तेज हवा चलने के साथ ही हो रही बूंदाबांदी सुबह 7:00 बजे के बाद हल्की वर्षा में तब्दील हो गई है। इससे बढ़ते तापमान पर अंकुश लगा है और आने वाले 2 दिन गर्मी से राहत रहेगी।

इधर, लखनऊ में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और फिर तेज बारिश के साथ अंधेरा सा छा गया। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने मौसम को ठंडा कर दिया है, जिससे तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है।

बारिश के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठंडी हवाओं और फुहारों ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 से 48 घंटे लखनऊ और आसपास के इलाकों में मौसम यूं ही रंग बदलता रहेगा। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। 

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डाॅ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, यह स्थिति 12 अप्रैल तक बनी रह सकती है, जबकि 13 अप्रैल को लखनऊ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

हालांकि, आज के बदले मौसम ने पारा काफी नीचे गिरा दिया है। एक दिन पहले बुधवार को प्रदेश के अन्य जिलों जैसे झांसी, प्रयागराज, बांदा, फतेहपुर, हमीरपुर और आगरा में गर्मी बनी हुई थी, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। झांसी में सबसे अधिक 42.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here